कांग्रेस नेता अजय राय ने मछली खाने का आरोप सिद्ध करने की मुख्यमंत्री को दी चुनौती
कांग्रेस नेता अजय राय ने मछली खाने का आरोप सिद्ध करने की मुख्यमंत्री को दी चुनौती
लखनऊ, 27 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने बृहस्पतिवार को एक खुला पत्र लिखकर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या के राम मंदिर में दर्शन के बाद मछली की दावत खाने के आरोप को सिद्ध करने की चुनौती देते हुए कहा कि वह एक शाकाहारी हैं और यदि आरोप साबित हो तो वह राजनीति छोड़ देंगे।
राय ने कहा कि उनकी चुनौती के पांच दिन बाद भी मुख्यमंत्री का कोई जवाब नहीं आया है।
राय ने कहा, “आप उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं, फिर भी आपके धार्मिक और जातिगत उग्र बयानों से प्रदेश का माहौल बिगड़ रहा है। जनता ने आपको प्रदेश की समस्याएं हल करने के लिए दूसरी बार सत्ता दी है।”
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “मुख्यमंत्री ने मेरे बारे में गत दिनों अयोध्या में दर्शन के बाद मछली की दावत उड़ाने और माफिया के सामने थर-थर कांपने का आरोप लगाया। यह अमिट सत्य है कि मैं शाकाहारी हूं और जिस कार्यक्रम में मेरी उपस्थिति का उल्लेख है, वह निषाद समाज के निमंत्रण पर था।”
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के बाद आयोजकों ने अपने समाज के लिए भोज किया और यह उनका संवैधानिक अधिकार था कि वे उसमें क्या खाएं।
राय ने कहा, ‘‘मैंने आपको चुनौती दी थी कि यदि मेरे मछली खाने की कोई सत्य प्रमाणित तस्वीर या वीडियो आपके पास है तो उसे जनता के सामने लायें, मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा।”
अयोध्या में निषाद समुदाय के एक कार्यक्रम में मछली पकाए जाने का एक कथित वीडियो वायरल होने के बाद यह विवाद पैदा हुआ। राय हनुमानगढ़ी मंदिर गए थे और राम मंदिर में पूजा अर्चना की थी। इसके बाद वह 30 किलोमीटर दूर एक स्थान पर गए थे जहां निषाद समुदाय का कार्यक्रम था।
इस वीडियो के आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावत में कथित तौर पर शामिल होने के लिए राय पर निशाना साधते हुए कहा था, ‘‘वह दर्शन के लिए हनुमानगढ़ी गए और राम राम जपने से पहले मछली की दावत उड़ाई।’’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी कांग्रेस पर सनातन धर्म का अपमान करने का आरोप लगाया था, जबकि प्रदेश के मत्स्य पालन मंत्री संजय निषाद ने कहा कि मछली, निषाद समुदाय का पारंपरिक भोजन और आजीविका है।
राय ने अपने पत्र में लिखा कि भाजपा का यह दृष्टिकोण है कि आरोप लगाइये और प्रमाण मांगने पर चुप हो जाइए, लेकिन कांग्रेस ऐसी राजनीति नहीं करती।
उन्होंने माफिया के सामने डरने के सवाल पर कहा, “मेरे भाई स्वर्गीय अवधेश राय जी की हत्या के बाद मैंने किसी माफिया के सामने सिर नहीं झुकाया। लगभग 32 वर्षों तक न्याय के लिए अदालतों में लड़ता रहा।”
राय ने कहा, “इस दौरान मेरी सुरक्षा भी दो अवसरों पर वापस ली गई, अप्रैल 2021 और सितंबर, 2025 में। लेकिन, न सुरक्षा हटने से मैं डरा, न न्याय की लड़ाई से पीछे हटा। इसलिए मेरे बारे में माफिया के सामने डरने का आरोप केवल झूठ नहीं, उस न्याय की लंबी लड़ाई का भी अपमान है।”
भाषा राजेंद्र शफीक
शफीक

Facebook


