उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ रहा और अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे: अजय राय
उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ रहा और अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे: अजय राय
(फाइल फोटो के साथ)
सीतापुर (उप्र), 13 सितंबर (भाषा) कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम रहने और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं।
सीतापुर में कांग्रेस सांसद राकेश राठौर के घर जाने के बाद राय ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए हाल की हत्याओं, कथित भ्रष्टाचार और प्रशासनिक खामियों का ज़िक्र किया। राय ने कहा,‘‘उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार और अराजकता फैल गई है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराध पर लगाम लगाने में नाकाम रही है।
राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले गोरखपुर में श्मशान घाट से जुड़े कथित घोटाले का ज़िक्र करते हुए कहा कि एक वकील की मौत तब हो गई जब अंतिम संस्कार के दौरान एक गुंबद ढह गया।
उन्होंने सीतापुर में राशन वितरण प्रणाली में गड़बड़ी का भी आरोप लगाया और दावा किया कि मध्याह्न भोजन योजना के तहत बच्चों को सिर्फ चावल और नमक दिया जा रहा था।
शनिवार को लखनऊ में एक महिला पत्रकार द्वारा पूछे गये सवालों के सिलसिले में मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए राय ने कहा कि सरकार जनता की जांच-परख का सामना करने में असमर्थ है।
उन्होंने कहा, ‘‘ ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा दिया गया था। लड़की बची, पढ़ी-लिखी और पत्रकार बनी, लेकिन जब वह सवाल पूछती है, तो सरकार के पास कोई जवाब नहीं होता।’’
गोंडा में विनोद साहनी की हत्या का ज़िक्र करते हुए राय ने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर ‘‘पूरी तरह नाकाम’’ रही है और उसे सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
उन्होंने पुलिस और बिजली विभागों से जुड़े हालिया विरोध-प्रदर्शनों और शिकायतों को लेकर सीतापुर के मंत्रियों– राकेश राठौर ‘गुरु’ और सुरेश राही पर भी निशाना साधा।
राय ने कहा, ‘‘कुछ मंत्री थानों में रो रहे हैं, जबकि दूसरे सरकारी दफ्तरों के बाहर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।’’
राय ने कहा कि रोने का समय बीत चुका है और अब लड़ने का समय है।
उन्होंने मंत्रियों को चुनौती दी कि अगर वे अधिकारियों से काम नहीं करवा सकते, तो इस्तीफा दें और जनता के बीच लौट आएं।
राय ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत पूरे राज्य में पार्टी संगठन को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी गठबंधन और सीट-बंटवारे पर फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
भाषा सं आनन्द
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


