देश की आंतरिक सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण जितनी बाहरी सुरक्षा: आरएसएस नेता

Ads

देश की आंतरिक सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण जितनी बाहरी सुरक्षा: आरएसएस नेता

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 06:52 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 06:52 PM IST

हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), 29 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अखिल भारतीय संयुक्त महासचिव कृष्ण गोपाल ने बुधवार को कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी देश की बाहरी सुरक्षा।

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में पूर्व सैनिकों के एक सेमिनार को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश की बाहरी सीमाओं पर सेना की मौजूदगी देशवासियों को सुरक्षा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार, आरएसएस देश के भीतर अनुशासित और देशभक्त नागरिक बनाने में लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान भारतीय सेना पिछले 2000 वर्षों की सर्वश्रेष्ठ सैन्य शक्तियों में से एक है।

आरएसएस नेता ने कहा, ‘‘सैन्य उपकरणों के निर्माण से लेकर विभिन्न वैश्विक मोर्चों पर अपनी क्षमता साबित करने तक, भारतीय सेना आग्नेयास्त्रों से लेकर घातक हथियारों तक, और छोटे विमानों से लेकर मानवरहित हवाई वाहनों तक, हर चीज के विकास में अग्रणी बन गई है।’’

उन्होंने कहा कि संघ की पूरे भारत में 90,000 से अधिक शाखाएं हैं। उन्होंने कहा कि यह देशभक्ति के व्यावहारिक पहलू को लागू करने में लगा हुआ है, किसानों, मजदूरों, शिक्षकों, दुकानदारों, डॉक्टरों, इंजीनियरों और समाज के हर वर्ग के नागरिकों से संपर्क कर उन्हें एक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहा है।

भाषा आशीष माधव

माधव