मेरठ में दंपति के शव मिले

मेरठ में दंपति के शव मिले

मेरठ में दंपति के शव मिले
Modified Date: March 7, 2026 / 11:31 pm IST
Published Date: March 7, 2026 11:31 pm IST

मेरठ (उप्र), सात मार्च (भाषा) मेरठ जिले के मोदीपुरम क्षेत्र स्थित पल्लवपुरम फेस-दो के ‘सीवरेज प्लांट’ के एक कमरे में शनिवार को एक दंपति के शव मिले। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस को आशंका है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और उसके बाद खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।

पुलिस के अनुसार हरदोई जिले के घुरेना गांव निवासी प्रदीप (34) ‘सीवरेज प्लांट’ में ऑपरेटर था। वह अपनी पत्नी मधु यादव (30) और बेटे यश के साथ पल्लवपुरम के एन पॉकेट क्षेत्र में किराए के एक मकान में रहता था।

परिजनों के मुताबिक दंपति हाल होली का त्योहार मनाने अपने गांव गए थे और शनिवार को ही मेरठ लौटे थे। बताया जाता है कि प्रदीप अपनी पत्नी के साथ सीधे प्लांट गया और कमरे में आराम करने की बात कही। उस समय उनका बेटा बच्चों के साथ खेल रहा था।

पुलिस के अनुसार शाम को जब प्लांट का दूसरा ऑपरेटर रामकर्ण वहां पहुंचा तो उसने देखा कि प्रदीप का शव फंदे से लटका हुआ था जबकि मधु का शव बेड पर था।

उसने घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। कमरे से कोई ‘‘सुसाइड नोट’’ बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में मधु के भाई शिवशंकर ने बताया कि पिछले दो-तीन महीने से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।

पुलिस निरीक्षक महेश सिंह ने बताया, “प्रारंभिक जांच से प्रतीत होता है कि पति-पत्नी के बीच विवाद था। आशंका है कि प्रदीप ने पहले पत्नी की हत्या की और उसके बाद आत्महत्या कर ली। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।”

भाषा सं आनन्द अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में