बरेली में साइबर ठग ने जिलाधिकारी के नाम पर पैसे मांगे, मामला दर्ज

Ads

बरेली में साइबर ठग ने जिलाधिकारी के नाम पर पैसे मांगे, मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - April 23, 2022 / 06:44 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:36 PM IST

बरेली (उप्र), 23 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के बरेली में जिलाधिकारी के नाम पर साइबर ठग द्वारा अधिकारियों से पैसे मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार एक साइबर ठग ने खुद को बरेली का जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी बताते हुए व्हाट्सएप कॉल के जरिये सिटी मजिस्ट्रेट और सभी उप जिलाधिकारियों से ई-गिफ्ट वाउचर की मांग की।

उन्होंने बताया कि ठग ने अधिकारियों को मैसेज लिखा, ‘ फोन न करना, मीटिंग में हूं, किसी को गिफ्ट भेजना है, इसलिए दस- दस हजार रुपये के दस अमेजन ई-गिफ्ट वाउचर भेज दो।’

उन्होंने बताया कि संदेह होने पर उप जिलाधिकारी (सदर) ने जिलाधिकारी कार्यालय से संपर्क किया तो पता चला कि वह वहां बैठे हैं, इसके बाद सभी अधिकारियों को संबंधित नंबर से आने वाली कॉल से सतर्क किया गया।

उन्होंने बताया कि इसके बाद देर शाम कोतवाली बरेली में एसडीएम द्वारा तहरीर दी गई, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई।

शनिवार को बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपी का पता लगाने के लिए आईटी विशेषज्ञों की मदद मांगी है।

भाषा सं आनन्द रंजन

रंजन