दिव्यांगजनों को सहानुभूति नहीं, अवसर और सहयोग की जरूरत : मुख्यमंत्री आदित्यनाथ

Ads

दिव्यांगजनों को सहानुभूति नहीं, अवसर और सहयोग की जरूरत : मुख्यमंत्री आदित्यनाथ

  •  
  • Publish Date - September 30, 2026 / 06:08 PM IST,
    Updated On - September 30, 2026 / 06:08 PM IST

गोरखपुर (उप्र), 30 सितंबर (भाषा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि दिव्यांग लोगों को सहानुभूति की नहीं, बल्कि अवसर और उचित सहयोग की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि संसाधन, प्रशिक्षण, पारिवारिक एवं सामाजिक सहयोग तथा बाधाओं को दूर कर दिव्यांगजन की प्रतिभा को सामने लाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर क्लब में दिव्यांग लोगों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण वितरित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘प्रतिभा को सहानुभूति की नहीं, बल्कि अवसर की जरूरत होती है।’’

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दिव्यांगजनों को घर से लेकर सड़क, परिवहन, विद्यालय, महाविद्यालय और रोजगार तक हर स्तर पर अवसर आसानी से उपलब्ध हों।

मुख्यमंत्री ने पैरालंपिक खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि केवल मजबूत बाजुओं से पदक नहीं जीते जाते, बल्कि पदक जीतने के लिए मजबूत संकल्प और इच्छाशक्ति जरूरी है।

आदित्यनाथ ने इस दौरान 509 दिव्यांगजनों को 664 सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में ‘विकलांग’ शब्द के स्थान पर ‘दिव्यांग’ शब्द का इस्तेमाल शुरू किया गया था और यह केवल शब्दों का बदलाव नहीं, बल्कि सोच में बदलाव का प्रतीक था।

आदित्यनाथ ने कहा कि केवल बच्चे का विद्यालय में दाखिला हो जाना पर्याप्त नहीं है बल्कि जरूरी यह है कि वह सीख सके, आगे बढ़े और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त करे।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में दिव्यांगजनों की शिक्षा और सशक्तीकरण के लिए लखनऊ में डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय और चित्रकूट में जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय संचालित हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 लाख से अधिक दिव्यांगजन की डिजिटल पहचान सुनिश्चित की गई है और उन्हें पहचान पत्र जारी किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित करने के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे।

भाषा सलीम शफीक

शफीक