नशे में धुत व्यक्ति बिजली के खंभे पर चढ़ा, दो घंटे की मशक्कत के बाद उतारा गया

Ads

नशे में धुत व्यक्ति बिजली के खंभे पर चढ़ा, दो घंटे की मशक्कत के बाद उतारा गया

  •  
  • Publish Date - March 17, 2026 / 08:31 PM IST,
    Updated On - March 17, 2026 / 08:31 PM IST

भदोही (उप्र), 17 मार्च (भाषा) भदोही जिले में मंगलवार को एक अजीबोगरीब घटना में नशे में धुत 58 साल का एक व्यक्ति 11 हजार वोल्ट बिजली के तार के पोल पर चढ़ गया और खुद को दो तारों के बीच टिका लिया। यह जानकारी पुलिस ने दी।

इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को उसे बचाने के लिए दो घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह घटना अपराह्न करीब एक बजे औराई थानाक्षेत्र के उगापुर गांव में हुई। उन्होंने बताया कि जगदीश यादव नामक व्यक्ति करीब 50 फुट ऊपर चढ़ गया और खुद को 11 हजार वोल्ट के तारों के बीच खतरनाक तरीके से टिका लिया।

उन्होंने बताया कि हालांकि उस समय तार में बिजली की आपूर्ति नहीं थी फिर भी अधिकारियों ने तुरंत विद्युत विभाग को सूचित किया और एहतियात के तौर पर बिजली की आपूर्ति बंद रखने को कहा।

औराई थाने के निरीक्षक अश्विनी कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नीचे गद्दे बिछा दिए। उन्होंने बताया कि इसके बाद ऊपर चढ़े व्यक्ति को नीचे उतरने के लिए मनाने की कोशिश की गई मगर नशे की वजह से उस पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।

त्रिपाठी ने बताया कि खतरे को देखते हुए दमकल विभाग से संपर्क किया गया जिसकी टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद यादव को सीढ़ी की मदद से सुरक्षित नीचे उतार लिया। उन्होंने बताया कि बाद में यादव को उसके परिजन के हवाले कर दिया गया।

परिजन ने पुलिस को बताया कि यादव को शराब पीने की लत है और वह मंगलवार सुबह ही नशे की हालत में घर से निकला था।

भाषा सं सलीम अमित

अमित