सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो साझा करने पर महिला उपनिरीक्षक निलंबित

Ads

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो साझा करने पर महिला उपनिरीक्षक निलंबित

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 12:33 AM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 12:33 AM IST

मेरठ (उप्र), 16 अगस्त (भाषा) मेरठ में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो साझा करने और विभागीय सोशल मीडिया नीति के उल्लंघन के आरोप में पुलिस लाइन में तैनात एक महिला उपनिरीक्षक को रविवार को निलंबित कर दिया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यहां पुलिस लाइन में तैनात उपनिरीक्षक अनु यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर जिम में कसरत करने, सेहत से जुड़े नुस्खे बताने और अपनी निजी जिंदगी से जुड़े वीडियो नियमित रूप से साझा करती थीं। उनके अकाउंट पर यह भी बताया गया था कि वह उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक हैं।

हाल ही में साझा किए गए एक वीडियो में क्यूआर कोड दिखने के बाद सवाल उठने लगे।

वीडियो के वायरल होने के बाद, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अविनाश पांडे ने अनु को निलंबित कर दिया।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिला उपनिरीक्षक का वर्दी में कोई वीडियो सामने नहीं आया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में वीडियो की सत्यता और अन्य तथ्यों की जांच साइबर प्रकोष्ठ कर रहा है।

पुलिस अधीक्षक (अपराध) अवनीश कुमार ने बताया कि पुलिस विभाग की सोशल मीडिया नीति के उल्लंघन के कारण उपनिरीक्षक को निलंबित किया गया है।

उन्होंने बताया कि पूरे मामले की विभागीय जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय की अधिकारी सौम्या सिंह को सौंपी गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं सलीम संतोष

संतोष