मेरठ (उप्र), 15 अगस्त (भाषा) मेरठ जिले में ऑनलाइन सामान की आपूर्ति में देरी को लेकर कंपनी के एक प्रतिनिधि (डिलीवरी बॉय) के साथ मारपीट के आरोप में भावनपुर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को भावनपुर थाना क्षेत्र की गंगासागर कॉलोनी में यह घटना हुई।
आरोप है कि गंगासागर स्थित गंगा हाइट्स निवासी यमन (34) ने आपूर्ति में देरी होने पर कंपनी के प्रतिनिधि अमित से वाद-विवाद किया और उसके साथ मारपीट की।
अमित की शिकायत पर शनिवार को भावनपुर थाने में यमन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने बताया कि यमन को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जायेगा।
भाषा सं आनन्द
संतोष
संतोष