उप्र: गोंडा में 1.13 करोड़ रुपये की नकली और नशीली दवाएं जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
उप्र: गोंडा में 1.13 करोड़ रुपये की नकली और नशीली दवाएं जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
गोंडा (उप्र), 19 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) और पुलिस ने तीन दिन तक संयुक्त अभियान चलाकर करीब 1.13 करोड़ रुपये मूल्य की नकली और नशीली दवाएं जब्त की हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने बताया कि लखनऊ स्थित एफएसडीए मुख्यालय से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर 16 से 18 जुलाई तक यह अभियान चलाया गया।
उन्होंने बताया कि नौ जिलों के औषधि निरीक्षकों और स्थानीय पुलिस ने बरियार पुरवा, सोनार गली और बड़गांव में अवैध रूप से संचालित दवाओं के तीन गोदामों की तलाशी ली।
प्रसाद ने बताया कि टीम ने सबसे पहले गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर जयनगरा स्थित अमन फार्मास्युटिकल्स के परिसर पर छापा मारा लेकिन कंपनी अपने पंजीकृत पते पर संचालित नहीं मिली।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान टीम कंपनी के मालिक अमन कसौधन के घर पहुंची, जहां उसके भाई शिवम कसौधन ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे वैध औषधि लाइसेंस के बिना बरियार पुरवा स्थित गोदाम से दवाओं का कारोबार कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आगे की जांच में दो और अवैध गोदामों का पता चला।
अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के दौरान संचालक दवाओं की क्रय-विक्रय से संबंधित बिल, भंडार पंजी या कोई अन्य वैधानिक दस्तावेज पेश नहीं कर सके, जिसके बाद तीनों गोदाम सील कर दिए गए।
उन्होंने बताया कि जब्त दवाओं में ट्रामाडोल इंजेक्शन, अल्प्राजोलम की गोलियां, कोडीन फॉस्फेट सिरप और बड़ी मात्रा में अन्य एलोपैथिक दवाएं शामिल हैं।
अधिकारी ने बताया कि जब्त दवाओं का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 1.13 करोड़ रुपये है।
दवाओं के 19 नमूने एकत्र कर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने शिवम कसौधन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अमन कसौधन फरार है।
कोतवाली नगर थाने में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) की धाराओं आठ और 21 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भाषा सं सलीम सिम्मी
सिम्मी

Facebook


