मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर रोडवेज बस से तेज रफ्तार कार टकराने से पिता-पुत्र की मौत

Ads

मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर रोडवेज बस से तेज रफ्तार कार टकराने से पिता-पुत्र की मौत

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 03:15 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 03:15 PM IST

मथुरा (उप्र), 19 जून (भाषा) मथुरा जिले के बलदेव थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार तड़के आगरा से नोएडा जा रही तेज रफ्तार कार आगे चल रही रोडवेज बस से टकरा गई, जिससे कार सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

बलदेव थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि हादसा तड़के करीब साढ़े तीन बजे बलदेव क्षेत्र में किमी संख्या 136 के पास हुआ। औरैया के दिबियापुर कस्बे की विकास कुंज कॉलोनी निवासी परमहंस पांडेय (58) अपने पुत्र बिट्टू उर्फ पुष्पेंद्र (27) के साथ कार से आगरा होते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे के रास्ते दिल्ली की ओर जा रहे थे।

एसएचओ ने बताया कि तभी कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही सुल्तानपुर डिपो की रोडवेज बस में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार चला रहे परमहंस और उनके बेटे पुष्पेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और चालक को झपकी आना माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है ताकि हादसे के असल कारणों का पता लगाया जा सके।

भाषा सं आनन्द मनीषा धीरज

धीरज