महोबा में कांग्रेस नेता अजय राय समेत 30 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज

Ads

महोबा में कांग्रेस नेता अजय राय समेत 30 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज

  •  
  • Publish Date - May 23, 2026 / 11:14 AM IST,
    Updated On - May 23, 2026 / 11:14 AM IST

महोबा/लखनऊ, 23 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री अजय राय और पार्टी के पूर्व सचिव बृजराज अहिरवार समेत 25 से 30 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ महोबा कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक अजय राय पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने और बिना अनुमति कार्यक्रम आयोजित कर रास्ता जाम करने का आरोप है। राय शुक्रवार को महोबा दौरे पर गए थे।

पुलिस के अनुसार, अधिवक्ता नीरज रावत की शिकायत पर अजय राय और अन्य आरोपियों के खिलाफ शनिवार तड़के भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2) (अवरोध पैदा करना), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान), 196(1) (धर्म, जाति, भाषा और क्षेत्र के आधार पर समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना) 189 (2) (गैर कानूनी सभा) और 132 (लोकसेवक को उसके कर्तव्य में बाधा डालना) के तहत यह मामला दर्ज किया गया है।

दर्ज प्राथमिकी में आरोप है कि शुक्रवार को अहिरवार ने अपने समर्थकों के साथ समद नगर में बिना प्रशासनिक अनुमति के कार्यक्रम आयोजित किया और अजय राय को आमंत्रित किया। अजय राय 15-16 वाहनों के काफिले और 25 से 30 समर्थकों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे। वाहनों को अस्त-व्यस्त तरीके से खड़ा करने से आम रास्ता अवरुद्ध हो गया।

शिकायत में कहा गया है कि आवागमन सुचारू रखने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को अपना कार्य छोड़कर मौके पर पहुंचना पड़ा, जिससे सरकारी दायित्वों के निर्वहन में बाधा उत्पन्न हुई।

रावत ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर अभद्र टिप्पणी की और अपशब्द कहे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। आरोप है कि इस वीडियो से समाज में जातिगत विद्वेष और आमजन में आक्रोश फैला है। भाजपा कार्यकर्ता भी आक्रोशित हैं और आमजन की भावनाओं को ठेस पहुंची है।

शुक्रवार को मामला सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ विरोध का प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई प्रमुख नेताओं ने राय के बयान की निंदा की।

भाषा आनन्द सिम्मी सुरभि

सुरभि