(अदिति खन्ना)
लंदन, सात सितंबर (भाषा) ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर के लंदन संसदीय क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव में आर्थिक विशेषज्ञ ऋषि मदलानी भारतीय मूल के एकमात्र उम्मीदवार के तौर पर सोमवार को उभरे हैं ।
लेबर पार्टी के पूर्व काउंसलर मदलानी छात्र जीवन के समय से ही पिछले 25 वर्षों से होलबोर्न और सेंट पैनक्रास इलाके में रह रहे हैं। इसी लंबे जुड़ाव के दम पर वह यहां से चुनाव जीतने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
स्टार्मर 2015 से इस क्षेत्र के सांसद रहे हैं। उन्होंने ‘अंतरराष्ट्रीय मामलों’ पर ध्यान केंद्रित करने के लिए इस माह के आरंभ में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस कदम के बाद ही यहां उपचुनाव की स्थिति बनी है।
मदलानी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘होलबोर्न और सेंट पैनक्रास 25 सालों से मेरा घर रहा है। यहीं मेरी राजनीति को आकार मिला, यहीं से मेरी सक्रियता शुरू हुई और यहीं जन-सेवा के प्रति मेरा संकल्प मज़बूत हुआ।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस समुदाय को जानता हूं। मुझे पता है कि एक पार्षद के तौर पर निवासियों की सेवा करने का क्या मतलब है। मैं परिवारों, किरायेदारों, कामगारों और युवाओं के सामने आने वाले दबावों को समझता हूं। मेरे पेशेवर अनुभव ने मुझे इस बात की गहरी समझ दी है कि हम अपनी अर्थव्यवस्था को कैसे बढ़ा सकते हैं, ज़िम्मेदारी से निवेश कैसे कर सकते हैं और जलवायु संकट से कैसे निपट सकते हैं।’’
जलवायु कार्रवाई विशेषज्ञ मदलानी (44) को ‘लेबर इंडियंस’ और ‘लेबर फ्रेंड्स ऑफ़ इंडिया’ जैसे प्रवासी समूहों का समर्थन मिला है। इन समूहों ने इस चुनाव क्षेत्र के साथ भारतीयों के मजबूत जुड़ाव को भी रेखांकित किया है।
भाषा
राजकुमार माधव रंजन
रंजन