पीलीभीत में प्रधानमंत्री मोदी की आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज

Ads

पीलीभीत में प्रधानमंत्री मोदी की आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज

  •  
  • Publish Date - February 24, 2026 / 12:16 AM IST,
    Updated On - February 24, 2026 / 12:16 AM IST

पीलीभीत, 23 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कथित तौर पर संपादित आपत्तिजनक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

जहानाबाद थाने के प्रभारी प्रदीप विश्नोई ने संवाददाताओं को बताया कि पुलिस ने उप निरीक्षक ज्ञानचंद की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक विषेन गांव के अरबाज के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

जहानाबाद थाना पुलिस के अनुसार अरबाज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की छेड़छाड़ की गई तस्वीर साझा की थी। इसके बाद सक्रिय पुलिस प्रशासन के निर्देश पर सोमवार को रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

पुलिस की तहरीर के अनुसार, आरोपी अरबाज ने प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर को संपादित कर उन्हें मुस्लिम पहनावे और सफेद नमाजी टोपी में दिखाया था। पुलिस का मानना है कि इस तरह की तस्वीर पोस्ट करने का उद्देश्य विभिन्न समुदायों और जातियों के बीच दुश्मनी, नफरत और वैमनस्य फैलाना था।

पुलिस इस मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत