गाजियाबाद (उप्र), 12 जून (भाषा) गाजियाबाद के हिंडन विहार इलाके में बृहस्पतिवार दोपहर एक रबर स्टांप निर्माण फैक्टरी में भीषण आग लग गई, जिस पर करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद काबू पा लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने कहा कि आग लगने की सूचना बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजकर पांच मिनट पर मिली जिसके बाद कोतवाली, वैशाली और साहिबाबाद दमकल केंद्रों से दमकल की सात गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
आग लगने से निवासियों में दहशत फैल गई क्योंकि फैक्टरी से निकलने वाला घना काला धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। अधिकारियों ने कहा कि रासायनिक सामग्री की मौजूदगी के कारण अग्निशमन अभियान चुनौतीपूर्ण हो गया है।
पाल ने कहा कि इमारत के भूतल का उपयोग स्याही भंडारण के लिए किया जा रहा था, जबकि ऊपरी मंजिल पर रबर स्टांप निर्माण का काम किया जाता था।
उन्होंने कहा, ‘‘दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक काम किया और फोम पंपिंग तकनीक का उपयोग करके आग पर काबू पा लिया। इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है और आसपास के घरों और गोदामों को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।’’
अधिकारियों ने कहा कि आग लगने का सटीक कारण अब तक पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्रारंभिक आकलन से पता चलता है कि यह रसायन से संबंधित काम के दौरान लगी होगी।
भाषा सं जफर शोभना सुरभि
सुरभि