गोरखपुर में आभूषण दुकान लूटकांड के पांच आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, दो घायल

Ads

गोरखपुर में आभूषण दुकान लूटकांड के पांच आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, दो घायल

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 10:23 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 10:23 PM IST

गोरखपुर, 29 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गोला कस्बे में आभूषण की दुकान में हुई लूट के पांच आरोपियों को बुधवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि 27 अप्रैल को गोला कस्बे में हुई लूट की घटना के खुलासे के लिए पुलिस की छह टीमें लगाई गई थीं।

उन्होंने बताया कि प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने धुरियापार चीनी मिल के पास संदिग्ध गतिविधि के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच लोगों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की।

पुरी के अनुसार पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनके तीन अन्य साथियों को भी मौके से दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रेहान, मेहदी हसन, सगीर अली, मुस्तफा और अफजल अली के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि रेहान का आपराधिक इतिहास है, जबकि अन्य आरोपियों की पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने चश्मा बेचने वाले के रूप में दुकान की रेकी की थी और वारदात से पहले मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट बदल दी थी।

उन्होंने बताया कि लूट की घटना उस समय हुई जब ग्राहक बनकर आए दो आरोपियों ने सोने की बालियां छीन लीं। उस समय दुकान मालिक की नाबालिग बेटी अमृता वर्मा अकेली थी, जिसने एक आरोपी को पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वह भाग निकला।

पुरी ने बताया कि घायल आरोपियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से दो .315 बोर के तमंचे, कारतूस, 15,500 रुपये नकद, सोने की चार जोड़ी बालियां, एक चांदी की अंगूठी, दो मोटरसाइकिलें, एक डिजिटल तौल मशीन और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

भाषा

सं, सलीम रवि कांत