बागपत में दिव्यांग की हत्या, मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
बागपत में दिव्यांग की हत्या, मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
बागपत (उप्र) 24 मार्च (भाषा) बागपत जिले में दोघट थानाक्षेत्र के निरपुड़ा गांव में एक दिव्यांग व्यक्ति की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर उसका शव खेत में गाड़ दिया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उसने बबताया कि इस सिलसिले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दाहा गांव के संजय उर्फ संजू (40) के रूप में हुई है, जो निरपुड़ा गांव में सचिन के यहां घरेलू सहायक के रूप में काम करता था।
संजय के भाई अरविंद उर्फ बिल्लू शर्मा ने सोमवार को थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसका भाई संजय जन्म से ही एक पैर से दिव्यांग है तथा पिछले एक माह से लापता है। अरविंद ने इस संबंध में सचिन तथा उसके साथियों पर संदेह जताया था।
पुलिस के अनुसार सचिन को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने बताया कि चार मार्च को उसका भैंसा गायब हो गया था और उसे शक था कि भैंसा संजय ने ही चोरी किया है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान संजय ने कहा कि उसने गांव के अपने साथियों– आकाश, अजीत और शुभम के साथ मिलकर संजय की खूब पिटाई की जबकि थोड़ी देर बाद ही खेत में भैंसा मिल गया ।
पुलिस का कहना है कि मारपीट के दौरान संजय गंभीर रूप से घायल हो गया और आरोपियों ने उसे नलकूप की हौज में पानी में डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार बाद में आरोपियों ने शव को गन्ने के खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया।
थाना प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर शव बरामद किया गया तथा उसे पोस्टमार्टम के लिए ले जा गया ।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने कहा कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
भाषा सं आनन्द शोभना राजकुमार
राजकुमार

Facebook


