चलती बस में छेड़छाड़ के आरोप में चार लोग गिरफ्तार
चलती बस में छेड़छाड़ के आरोप में चार लोग गिरफ्तार
आगरा (उप्र), 28 अप्रैल (भाषा) आगरा जिले में सोशल मीडिया पर अलर्ट मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक चलती बस के अंदर एक महिला और एक लड़की से छेड़छाड़ करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार 27 अप्रैल को रात 12 बजकर 27 मिनट पर कानपुर से अहमदाबाद जा रही एक बस में छेड़छाड़ की घटना के बारे में जानकारी मिली। यह बस आगरा में नामनेर क्रॉसिंग के पास पहुंच रही थी।
बयान में कहा गया है कि पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए आगरा पुलिस की सोशल मीडिया टीम ने कुछ ही मिनटों के भीतर रकाबगंज थाने की पुलिस को तुरंत सतर्क कर दिया, साथ ही, घटना की पुष्टि करने और बस की सटीक मौजूदगी का पता लगाने के लिए पीड़ितों के साथ समन्वय स्थापित किया।
बयान के अनुसार पुलिस टीमों ने नामनेर क्रॉसिंग पर सघन चेकिंग अभियान चलाया और जैसे ही बस मौके पर पहुंची, उसे रोक लिया।
बयान के मुताबिक इस घटना में शामिल चारों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया टीम और क्षेत्रीय इकाइयों के बीच त्वरित प्रतिक्रिया और बेहतर समन्वय के कारण समय पर कार्रवाई सुनिश्चित हो सकी जिससे पीड़ितों और बस में सवार अन्य यात्रियों को राहत मिली। भाषा सलीम शोभना
शोभना

Facebook


