नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म : पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म : पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बलिया (उप्र), 19 फरवरी (भाषा) बलिया जिले के गड़वार क्षेत्र में एक किशोरी से कथित सामूहिक बलात्कार के मामले में उसके गांव के ही पांच युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि गड़वार थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय लड़की 15 फरवरी की शाम को शौच करने के लिए बाहर गई थी, तभी उसके गांव के ही रोशन, रोहित, लल्लू राजू तथा एक अज्ञात युवक उसे सुनसान स्थान पर ले गए तथा उन्होंने किशोरी को डरा-धमकाकर उससे सामूहिक बलात्कार किया।
थाना प्रभारी हितेश कुमार ने बताया कि इस मामले में किशोरी के पिता की तहरीर पर बुधवार की शाम को सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी 20 से 25 वर्ष आयु के हैं तथा किशोरी के गांव के ही रहने वाले हैं।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह सहित पुलिस अधिकारियों ने फारेंसिक टीम के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक ने संवाददाताओं को बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है और सभी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी।
भाषा सं. सलीम सिम्मी
सिम्मी

Facebook


