कचरा निपटान क्षेत्र किसानों के भविष्य पर हमला : राकेश टिकैत
कचरा निपटान क्षेत्र किसानों के भविष्य पर हमला : राकेश टिकैत
गाजियाबाद (यूपी), एक मार्च (भाषा) भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता राकेश टिकैत ने रविवार को कहा कि आवासीय क्षेत्रों के निकट उपजाऊ कृषि भूमि पर अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र स्थापित करना पर्यावरणीय मानकों और बुनियादी मानवीय करुणा दोनों का उल्लंघन है।
किसान नेता ने रविवार को गाजियाबाद जिले के मीरपुर हिंदू गांव में एक महापंचायत को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की। यह महापंचायत स्थानीय कचरा निपटान स्थल और प्रस्तावित अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र के विरोध में बुलाई गई थी।
इलाके के किसान पिछले दो हफ्तों से धरने पर बैठे हैं और गांव से कचरा निपटान स्थल तुरंत हटाए जाने की मांग कर रहे हैं।
महापंचायत के आयोजकों में से एक नीरज त्यागी द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों की सहमति के बिना कोई भी निर्माण कार्य स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हाल में हुई पुलिस लाठीचार्ज जैसी घटनाएं मात्र डराने-धमकाने के प्रयास हैं, लेकिन इतिहास गवाह है कि किसान झुकता नहीं है और यह संघर्ष केवल मीरपुर हिंदू गांव के लिए नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की गरिमा के लिए है।
राकेश टिकैत ने यह भी चेतावनी दी कि यदि किसानों की आवाज को दबाया गया या जांच में पारदर्शिता की कमी रही, तो आंदोलन व्यापक रूप ले लेगा।
महापंचायत के दौरान वक्ताओं ने तर्क दिया कि प्रस्तावित संयंत्र से निकलने वाला अपशिष्ट और उससे होने वाला प्रदूषण भूजल, वायु गुणवत्ता और स्थानीय खेतों को बुरी तरह प्रभावित करेगा।
किसानों ने कहा कि वर्षा जल से भरे नालों में बहने वाले औद्योगिक कचरे से यह क्षेत्र पहले से ही बुरी तरह प्रभावित है तथा बागपत और खेकडा स्थित कारखानों से निकलने वाला जहरीला पानी इस क्षेत्र को प्रभावित कर रहा है।
वरिष्ठ जिला अधिकारियों ने टिकैत से बातचीत की और एक घंटे की बातचीत के बाद संयुक्त जांच समिति गठित करने पर सहमति बनी।
त्यागी ने बताया कि समिति में प्रदूषण नियंत्रण, पर्यावरण, जल संरक्षण, जल शक्ति और शिक्षा विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त, एक ग्राम स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें भारतीय किसान यूनियन का एक प्रतिनिधि शामिल होगा।
भाषा सं आनन्द सिम्मी
सिम्मी

Facebook


