दुपट्टा खींचने से सड़क पर गिरी छात्रा की मोटरसाइकिल की चपेट में आने से मौत : तीन आरोपी गिरफ्तार
दुपट्टा खींचने से सड़क पर गिरी छात्रा की मोटरसाइकिल की चपेट में आने से मौत : तीन आरोपी गिरफ्तार
अंबेडकर नगर (उप्र), 17 सितंबर (भाषा) अंबेडकर नगर जिले के हसवर क्षेत्र में दो बदमाशों के दुपट्टा खींचने के कारण साइकिल से सड़क पर गिरी एक छात्रा की बगल से गुजर रही एक मोटरसाइकिल की चपेट में आने से मौत हो गयी।
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को रविवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। वहीं, लापरवाही बरतने के आरोप में सम्बन्धित थानाध्यक्ष को निलम्बित कर दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हसवर थाना क्षेत्र में गत शुक्रवार को कक्षा 11वीं की एक छात्रा की मोटरसाइकिल की चपेट में आने से मौत हो गयी।
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कक्षा 11वीं की एक छात्रा एक अन्य छात्रा के साथ साइकिल पर जाती हुई दिखाई दे रही है। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश आते हैं और पीछे की सीट पर बैठा एक युवक एक छात्रा का दुपट्टा खींच लेता है। संतुलन खोने के कारण वह जमीन पर गिर जाती है और पीछे से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल उसे कुचल देती है।
अंबेडकरनगर के पुलिस अधीक्षक अजीत सिन्हा ने रविवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”यह घटना शुक्रवार को हुई थी। हमें पहले सूचना मिली थी कि लड़की की मौत दुर्घटना में हुई है। हालांकि आगे की जांच में पता चला कि बदमाशों द्वारा उसका दुपट्टा खींचने से यह हादसा हुआ।”
उन्होंने बताया, ”इसके बाद हमने मामला दर्ज कर शनिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहबाज़ और दुपट्टा खींचने वाले उसके भाई अरबाज़ के रूप में हुई। लड़की पर मोटरसाइकिल चढ़ाने वाले तीसरे आरोपी का नाम फैसल है।”
सिन्हा ने बताया, ”तीनों आरोपियों को रविवार को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान वे तीनों पुलिस के वाहन से कूद गए। उन्होंने एक पुलिसकर्मी की राइफल भी छीन ली और पुलिस पर गोलियां चला दीं।’
उन्होंने बताया, ‘जवाबी गोलीबारी में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे के पैर की हड्डी टूट गई। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’
पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में हसवर के थानाध्यक्ष रितेश पांडेय को निलम्बित कर दिया है।
भाषा सं सलीम नोमान
नोमान

Facebook


