मिर्जापुर में डिवाइडर से टकराई मोटरसाइकिल, दो लोगों की मौत
मिर्जापुर में डिवाइडर से टकराई मोटरसाइकिल, दो लोगों की मौत
मिर्जापुर (उप्र), 15 जुलाई (भाषा) मिर्जापुर जिले के लालगंज क्षेत्र में बुधवार को वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर नंदन तुलसी गांव के पास मोटरसाइकिल के डिवाइडर से टकरा जाने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले के निवासी सुशील साकेत (30) और संजय चतुर्वेदी (31), इंदौर निवासी रूपाली (28) के साथ वाराणसी में दर्शन-पूजन कर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क के डिवाइडर से टकरा गई।
उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि सुशील साकेत और संजय चतुर्वेदी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रूपाली गंभीर रूप से घायल हो गई।
पांडेय ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल महिला को पहले लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मिर्जापुर के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि दोनों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
भाषा सं. सलीम खारी
खारी

Facebook


