गंभीर बीमारियों के इलाज में सरकार करेगी पूरी मदद : योगी आदित्यनाथ

Ads

गंभीर बीमारियों के इलाज में सरकार करेगी पूरी मदद : योगी आदित्यनाथ

  •  
  • Publish Date - May 16, 2026 / 03:42 PM IST,
    Updated On - May 16, 2026 / 03:42 PM IST

गोरखपुर (उप्र), 16 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए सरकार हरसंभव मदद करेगी।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, गोरखपुर प्रवास के दौरान शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और इस दौरान गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों को उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार उपचार में पूरी सहायता देगी जिसके लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं, उनके कार्ड भी बनवाए जाएंगे।

गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री करीब 200 लोगों से मिले और उन्होंने लोगों से प्रार्थना पत्र लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

अलग-अलग मामलों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का समाधान समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक ढंग से किया जाए।

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। एक महिला ने अपने बच्चे के इलाज में आर्थिक कठिनाई और आयुष्मान कार्ड न होने की समस्या बताई जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘चिंता मत करिए, बच्चे का इलाज जरूर होगा। आयुष्मान कार्ड भी बनवाया जाएगा और विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।’’

मुख्यमंत्री ने एक अन्य महिला को भी इसी तरह भरोसा दिलाया। इलाज से संबंधित प्रार्थना पत्र अधिकारियों को सौंपते हुए उन्होंने कहा कि उपचार के अनुमानित खर्च का ब्योरा तैयार कर जल्द शासन को भेजा जाए।

बयान के अनुसार, अपराध और जमीन कब्जाने से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों और भू-माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

भाषा आनन्द खारी

खारी