हमीरपुर में श्रमिकों की मौत का मामला : कार्यदायी संस्था के मालिक समेत दो लोगों पर मुकदमा दर्ज

हमीरपुर में श्रमिकों की मौत का मामला : कार्यदायी संस्था के मालिक समेत दो लोगों पर मुकदमा दर्ज

हमीरपुर में श्रमिकों की मौत का मामला : कार्यदायी संस्था के मालिक समेत दो लोगों पर मुकदमा दर्ज
Modified Date: May 30, 2026 / 11:23 am IST
Published Date: May 30, 2026 11:23 am IST

हमीरपुर (उप्र), 30 मई (भाषा) हमीरपुर जिले में शुक्रवार तड़के तेज आंधी के दौरान बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से छह श्रमिकों की मौत के मामले में कार्यदायी संस्था के मालिक समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार तड़के लगभग तीन बजे लालपुरा थाना क्षेत्र के परसानी और कंदौर गांवों के बीच तेज आंधी के दौरान बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से छह श्रमिकों की मौत के मामले में बीती रात मुकदमा दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि कुरारा थाने में यह मुकदमा राज्य सेतु निगम के उप परियोजना प्रबंधक दिलीप कुमार की तहरीर पर कार्यदायी संस्था के मालिक पवन प्रताप सिंह और ठेकेदार नितीश कुमार के खिलाफ सरकारी काम में लापरवाही और ढिलाई बरतने के आरोप में दर्ज किया गया है।

थाना प्रभारी प्रिन्स दीक्षित ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके विवेचना की जा रही है।

इस संबंध में लापरवाही बरतने के आरोप में सहायक अभियंता गजेंद्र चौधरी को शुक्रवार को ही निलंबित कर दिया गया था।

हमीरपुर जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर लालपुरा थाना क्षेत्र के परसानी और कंदौर गांवों के बीच बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से छह श्रमिकों की मौत हो गई थी जबकि तीन अन्य घायल हो गए थे।

पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान लोकेन्द्र (22), कुलदीप निषाद (19), सावंत यादव (28), सभाजीत (30), पुष्पेंद्र चौहान (34) और राजेश पाल (42) के रूप में हुई है। वहीं, अवधेश निषाद, कल्लू यादव और राजेश निषाद घायल हुए हैं, जिन्हें मलबे से निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

भाषा सं सलीम गोला

गोला


लेखक के बारे में