लखनऊ में 10 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की हेरोइन जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

Ads

लखनऊ में 10 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की हेरोइन जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 10:43 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 10:43 PM IST

लखनऊ, 14 फरवरी (भाषा) राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने काठमांडू से दिल्ली जा रहे एक संदिग्ध तस्कर को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5,209 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 10 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है।

शनिवार को प्राप्त एक आधिकारिक जानकारी के अनुसार, काठमांडू से दिल्ली जा रही बस में यात्रा कर रहे एक यात्री के पास मादक पदार्थ होने की खुफिया सूचना के आधार पर डीआरआई के अधिकारियों ने निगरानी बढ़ाई और शुक्रवार को संदिग्ध व्यक्ति की लखनऊ में रोक कर तलाशी ली।

उन्होंने बताया कि यात्री के सामान की गहन तलाशी के दौरान चार पैकेट में रखा 5,209 ग्राम सफेद पाउडरनुमा पदार्थ बरामद हुआ। मौके पर की गयी जांच में उक्त पदार्थ हेरोइन पाया गया। बरामद हेरोइन का कुल मूल्य अवैध बाजार में लगभग 10.418 करोड़ रुपये आंका गया है।

बरामद हेरोइन को स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत जब्त किया गया तथा प्रतिबंधित पदार्थ ले जा रहे यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिल्ली निवासी संदीप के रूप में हुई है। मामले की जांच जारी है।

भाषा मनीष आनन्द गोला

गोला