कानपुर। UP Crime News: कल्याणपुर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के पति पर अपनी साली को ब्लैकमेल करने और मुकदमा वापस कराने के लिए धमकाने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि जीजा ने साली के निजी क्षणों का आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बना लिया था। इसके बाद वह इन्हें वायरल करने की धमकी देकर अपनी पत्नी के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस कराने का दबाव बना रहा था। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान युवती ने 18 जुलाई को आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने आरोपी जीजा गोविंद शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
UP Crime News: पुलिस के अनुसार कल्याणपुर निवासी एक व्यापारी ने अपनी बड़ी बेटी की शादी फर्रुखाबाद के कमालगंज निवासी गोविंद शर्मा से की थी। आरोप है कि पति की मारपीट और प्रताड़ना से परेशान होकर विवाहिता ने कल्याणपुर थाने में अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद गोविंद ने पत्नी से समझौते की बात कहते हुए उसे ससुराल बुलाया। ससुर को जब इस पर संदेह हुआ तो उन्होंने अपनी छोटी बेटी को भी बड़ी बेटी के साथ ससुराल भेज दिया।
आरोप है कि इसी दौरान गोविंद ने अपनी छोटी साली की निजी तस्वीरें और वीडियो बना लिए। इसके बाद वह उसे धमकाकर अपनी बड़ी बहन से उसके खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस कराने का दबाव बनाने लगा। आरोपी ने कथित तौर पर तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी भी दी। धमकी से परेशान युवती अपनी बड़ी बहन के साथ वापस कानपुर आ गई। आरोप है कि इसके बाद भी गोविंद ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और कानपुर पहुंचकर उसे धमकाता रहा।
लगातार धमकियों और ब्लैकमेलिंग से परेशान युवती ने 18 जुलाई को आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मृतका की बड़ी बहन ने अपने पिता को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पिता की शिकायत पर कल्याणपुर थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बुधवार को आरोपी गोविंद शर्मा को कानपुर के एक इलाके से गिरफ्तार कर लिया। एसीपी दिलीप सिंह के मुताबिक आरोपी के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर उसकी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती की तस्वीरें और वीडियो आरोपी के मोबाइल में मौजूद हैं या नहीं और उनका कहीं इस्तेमाल अथवा प्रसार तो नहीं किया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।