हिमाचल: हमीरपुर में 236 पारंपरिक जल स्रोतों की सफाई की गई
हिमाचल: हमीरपुर में 236 पारंपरिक जल स्रोतों की सफाई की गई
हमीरपुर, 12 जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में पारंपरिक जल स्रोतों की सफाई के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक ऐसे 236 जल स्रोतों की सफाई की गई है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इन जल स्रोतों में 58 कुएं, 55 ‘खतरियां’ (पारंपरिक जल भंडारण गुफाएं), 112 बावड़ियां, तीन जल भंडारण टैंक, पांच तालाब और तीन चापाकल शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, मानसून के दौरान लोगों को जलजनित बीमारियों से बचाने तथा प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के जरिए जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हमीरपुर की उपायुक्त गंधर्वा राठौर की अपील पर यह अभियान शुरू किया गया।
अभियान के तहत पारंपरिक कुओं, तालाबों, बावड़ियों, खतरियों और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों की सफाई की जा रही है।
एक अधिकारी ने बताया कि इस अभियान में ग्राम पंचायतों के साथ-साथ महिला समूहों, युवा संगठनों और अन्य सामाजिक संस्थाओं को भी जोड़ा गया है।
राठौर ने कहा कि जल शक्ति विभाग के माध्यम से जिले के प्रत्येक घर में नल से जल उपलब्ध कराने का लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि हालांकि, कम बारिश के कारण जिले के कई हिस्सों में जल संकट की आशंका बनी हुई है। ऐसे में पारंपरिक कुओं, तालाबों और बावड़ियों जैसे जल स्रोतों का संरक्षण और पुनर्जीवन बेहद महत्वपूर्ण है।
अधिकारी ने बताया कि मानसून के दौरान इन प्राकृतिक जल स्रोतों के प्रदूषित होने की आशंका रहती है, जिससे लोगों में जलजनित बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाता है।
भाषा
राखी सुभाष
सुभाष

Facebook


