हमीरपुर, 24 जून (भाषा) हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर जिले के स्वास्थ्य प्रशासन ने नादौन राजस्व उपसंभाग के कुछ हिस्सों में रेबीज़ फैलने के बाद एहतियाती कदम उठाए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने बुधवार को बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने टांडा के डॉ. राजेंद्र प्रसाद सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय में जम्मू के एक व्यक्ति की रेबीज से मौत हो जाने की खबर मिलने के बाद तत्काल एहतियाती कदम उठाए।
उन्होंने कहा कि यह व्यक्ति नादौन उपसंभाग के भालुन गांव में रह रहा था।
अत्री ने एक बयान में कहा कि विभाग की एक टीम ने इस व्यक्ति के परिवार से संपर्क किया, मामले के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई और उन्हें चिकित्सा परामर्श दिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अनुसार उन्हें रेबीज फैलने के कारणों, इसके लक्षणों और बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को भी इस बारे में जागरूक किया गया है तथा सेरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने गांव का दौरा किया।
अत्री ने कहा कि एहतियात के तौर पर भालुन गांव में जन स्वास्थ्य मानक अनुसार ज़रूरी कदम उठाए गए हैं और सक्रिय निगरानी सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने कहा कि सभी आशाकर्मियों और क्षेत्र में काम करने वाले स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने इलाक़ों में कुत्ते या किसी अन्य जानवर के काटने के मामलों की तुरंत रिपोर्ट करें और पीड़ितों को रेबीज रोधी टीके के लिए भेजें।
भाषा
राजकुमार वैभव
वैभव