हिंदूवादी कार्यकर्ता ने कांवड़ यात्रा ड्यूटी से मुस्लिम अधिकारी को हटाने की मांग की, जांच शुरू

Ads

हिंदूवादी कार्यकर्ता ने कांवड़ यात्रा ड्यूटी से मुस्लिम अधिकारी को हटाने की मांग की, जांच शुरू

  •  
  • Publish Date - July 26, 2026 / 11:28 PM IST,
    Updated On - July 26, 2026 / 11:28 PM IST

लखनऊ/गाजियाबाद (उप्र), 26 जुलाई (भाषा) गाजियाबाद जिले की पुलिस ने हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता के कांवड़ यात्रा के दौरान तैनात एक मुस्लिम पुलिस अधिकारी को ड्यूटी से हटाने संबंधी बयान की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता की पहचान सत्यम पंडित के रूप में हुई है, जिसके दो वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें से एक वीडियो गाजियाबाद से जुड़ा है।

एक वीडियो में सत्यम पंडित ने कहा कि किसी भी मुस्लिम अधिकारी की कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी नहीं लगाई जानी चाहिए।

पंडित ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नंदग्राम के सहायक पुलिस आयुक्त जियाउद्दीन अहमद को हटाने और उनकी जगह एक हिंदू अधिकारी को नियुक्त करने का भी आग्रह किया।

पुलिस उपायुक्त (सिटी/ट्रांस हिंडन) धवल जयसवाल ने संवाददाताओं को बताया कि पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लिया है और उसकी जांच की जा रही है, जिसके नतीजों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

पेपर लीक के मुद्दे पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर हाल में हुए छात्रों के प्रदर्शन से संबंधित सत्यम पंडित का एक और वीडियो भी विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर सामने आया, जिसमें वह दो युवा प्रदर्शनकारियों से पूछताछ करता हुआ और उनके नाम, पता और धर्म पूछता नजर आ रहा है।

वीडियो में सत्यम दो प्रदर्शनकारियों में से एक को थप्पड़ मारता और गालीगलौज करता नजर आ रहा है।

पुलिस ने कहा कि चूंकि वह वीडियो दिल्ली का है इसलिए गाजियाबाद पुलिस इसकी जांच नहीं कर रही है।

इस बीच, बार-बार प्रयास करने के बावजूद सत्यम पंडित से टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं हो सका।

भाषा अरुणव सलीम आशीष

आशीष