जीप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरायी: होमगार्ड जवान की मौत, दारोगा जख्मी
जीप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरायी: होमगार्ड जवान की मौत, दारोगा जख्मी
हमीरपुर (उप्र), आठ फरवरी (भाषा) हमीरपुर में हमीरपुर-राठ मार्ग पर एक मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में जीप के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराने से उसमें सवार एक होमगार्ड की मौत हो गई तथा एक दारोगा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि हमीरपुर-राठ मार्ग पर जीप चिकासी थाने से राठ जा रही थी। जीप में होमगार्ड जवान बृजेन्द्र कुमार (57) और उप निरीक्षक मोहित देव (35) सवार थे। रास्ते में जरिया थाना क्षेत्र के चुरहा गांव के पास सामने से एक मोटर साइकिल सवार आ जाने के कारण उसे बचाने के प्रयास में जीप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गयी।
उन्होंने बताया कि गाड़ी पलटने से जीप सवार होमगार्ड जवान बृजेन्द्र कुमार और उप निरीक्षक मोहित देव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल राठ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां चिकित्सकों ने बृजेन्द्र को मृत घोषित कर दिया और उप निरीक्षक मोहित देव की गंभीर हालत को देखते हुए उरई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जरिया थाना के प्रभारी दिनेश कुमार पाण्डेय ने बताया बृजेन्द्र कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
भाषा सं. सलीम धीरज
धीरज

Facebook


