फतेहपुर (उप्र), 28 जुलाई (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी की अगुवाई में जंतर- मंतर पर छात्रों के हालिया ऐतिहासिक विरोध प्रदर्शन की तर्ज पर यहां के एक सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेज के सैकड़ों विद्यार्थियों ने कथित तौर पर मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर मंगलवार को पांच घंटे विरोध प्रदर्शन किया।
शिक्षा अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारी छात्रों को 24 घंटे के भीतर सुधारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया देने के बाद यह विरोध प्रदर्शन समाप्त हुआ।
नई दिल्ली के जंतर- मंतर पर नीट परीक्षा पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के प्रदर्शन के बाद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
एक अधिकारी ने बताया कि तख्तियां और डाक्टर बीआर अंबेडकर की तस्वीरें लेकर तिरंगा लहराते सर्वोदय इंटर कॉलेज के छात्रों ने सुबह सात बजे कॉलेज का गेट खुलने के तुरंत बाद विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोप लगाया कि खराब सुविधाओं की बार- बार की गयी शिकायतों के बावजूद महीनों से इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
इन विद्यार्थियों का दावा था कि इस कॉलेज में स्वच्छ पेयजल, बिजली, पंखे, पर्याप्त फर्नीचर, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, खेल सुविधाओं और स्वच्छ शौचालय की कमी है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि कुछ पंखे असुरक्षित हैं और पूर्व में छात्रों को बिजली के झटके लग चुके हैं।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर प्रवेश के दौरान अनाधिकृत धन वसूली और अंक पत्र व अन्य दस्तावेज जारी करने के नाम पर पैसे लेने का भी आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे प्रदर्शन जारी रखेंगे।
इस प्रदर्शन में कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थी शामिल थे। प्रधानाचार्य लाल बहादुर सिंह और किशनपुर थाना के प्रभारी मनीष सिंह ने शुरुआत में इन विद्यार्थियों को प्रदर्शन समाप्त करने के लिए मनाया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे।
हालांकि, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार के कॉलेज परिसर पहुंचने के बाद दोपहर में विरोध प्रदर्शन समाप्त हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों से बात की और उन्हें लंबित मुद्दों का 24 घंटे के भीतर समाधान करने का लिखित आश्वासन दिया जिसके बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन समाप्त किया।
प्रधानाचार्य ने कहा कि कॉलेज प्रशासन उपलब्ध संसाधनों के भीतर सुविधाएं सुधारने का प्रयास करेगा।
उन्होंने कहा, “हमारे पास सभी सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त फंड नहीं है।” वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने कहा कि पेयजल, बैठने के फर्नीचर, कंप्यूटर लैब आदि के लिए अविलंब व्यवस्थाएं की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि अनाधिकृत फीस वसूली के आरोपों की जांच की जाएगी और किसी भी तरह की अनियमितताएं पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं राजेंद्र
जितेंद्र नरेश
नरेश