उप्र : गाजियाबाद में अवैध रूप से संचालित मदरसा सील

उप्र : गाजियाबाद में अवैध रूप से संचालित मदरसा सील

उप्र : गाजियाबाद में अवैध रूप से संचालित मदरसा सील
Modified Date: June 6, 2026 / 08:20 pm IST
Published Date: June 6, 2026 8:20 pm IST

गाजियाबाद, छह जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में जिला प्रशासन ने गैर-मान्यता प्राप्त धार्मिक और शैक्षणिक संस्थानों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इंदिरापुरम क्षेत्र की कनावनी कॉलोनी में अवैध रूप से संचालित एक मदरसे को सील कर दिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कैलाश चंद्र तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मदरसा न तो अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में पंजीकृत था और न ही उसके पास वैध पंजीकरण प्रमाणपत्र था।

अधिकारियों ने बताया कि वक्फ विभाग, नगर निकाय और राजस्व विभाग की संयुक्त निरीक्षण टीम ने जांच के दौरान पाया कि संस्थान के पास अग्नि सुरक्षा और विद्युत सुरक्षा विभागों से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) भी नहीं था।

निरीक्षण के दौरान परिसर में स्वच्छता व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई।

अधिकारियों के अनुसार, मदरसे में निर्धारित मानकों के विपरीत एक छात्रावास भी संचालित किया जा रहा था, जहां रहने वाले बच्चों के लिए बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। इससे उनकी सुरक्षा और कल्याण को लेकर गंभीर चिंताएं उत्पन्न हुईं।

उन्होंने बताया कि मदरसे की मुख्य इमारत को सील कर दिया गया है और प्रबंधन को संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत कर अपना पक्ष रखने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है।

अधिकारियों ने कहा कि निर्धारित अवधि के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस उपायुक्त (नगर) धवल जायसवाल ने कहा कि मदरसा आवश्यक अनुमतियों और सुरक्षा मंजूरियों के बिना संचालित किया जा रहा था।

उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में आवश्यकता पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

पुलिस के अनुसार मदरसे में रह रहे कुछ बच्चों को उनके घर भेज दिया गया है, जबकि अन्य को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है।

गाजियाबाद में अवैध निर्माणों और गैर-मान्यता प्राप्त संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई उस समय और तेज हो गई है, जब 17 वर्षीय सूर्या चौहान की उसके मित्र असद द्वारा कथित तौर पर हत्या किए जाने का मामला सामने आया था। बाद में असद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था।

नवनीत विहार, खोड़ा निवासी सूर्या चौहान को 28 मई को कथित विवाद के बाद चाकू मार दिया गया था। बाद में नोएडा के एक अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

इस सप्ताह की शुरुआत में खोड़ा क्षेत्र में दो मदरसों को सील किया गया था, जबकि मसूरी क्षेत्र में स्थित एक अन्य कथित अवैध मदरसे को तीन जून को ध्वस्त कर दिया गया था।

भाषा

सं, जफर रवि कांत


लेखक के बारे में