देवरिया में बदमाशों ने एक वाहन चालक पर हमलाकर उसके साथ लूट-पाट की

Ads

देवरिया में बदमाशों ने एक वाहन चालक पर हमलाकर उसके साथ लूट-पाट की

  •  
  • Publish Date - February 12, 2026 / 03:38 PM IST,
    Updated On - February 12, 2026 / 03:38 PM IST

देवरिया (उप्र), 12 फरवरी (भाषा) देवरिया जिले के भलुअनी थानाक्षेत्र में सोनूघाट–बरहज मार्ग पर बृहस्पतिवार तड़के करीब साढ़े छह बजे जरार मानिक गांव के समीप बदमाशों ने एक वाहन चालक को चाकू मारकर घायल कर दिया और 11 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, खुखुंदू थाना क्षेत्र के मरहवा गांव का बब्बन यादव (34) बरहज गैस सर्विस के लिए गैस सिलेंडर की ‘होम डिलीवरी’ करता है।

उसने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि वह आज सुबह गैस सिलेंडर लेने बरहज जा रहा था, तभी भलुअनी से कुछ दूरी पर अज्ञात युवकों ने उसे वाहन रोकने का इशारा किया ।

बब्बन यादव ने तहरीर में कहा है कि वाहन न रोकने पर बदमाशों ने पत्थर मारकर उसकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया।

तहरीर में कहा गया कि इसके बाद तीन मोटरसाइकिलों पर सवार करीब आधा दर्जन बदमाशों ने आगे निकलकर अपनी मोटरसाइकिल उसकी गाड़ी के आगे खड़ी कर दी और उसे गाड़ी से खींचकर बाहर निकाला एवं चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया।

बब्बन यादव ने आरोप लगाया है कि इसके बाद बदमाश उसकी जेब से लगभग 11 हजार रुपये निकालकर फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि वह घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र (पीएचसी) भलुअनी ले गयी, जहां उसका उपचार चल रहा है।

भलुअनी के थाना प्रभारी प्रदीप पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिये आरोपियों की तलाश के प्रयास किये जा रहे हैं।

भाषा सं आनन्द

राजकुमार

राजकुमार