गोंडा (उप्र), छह अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बृहस्पतिवार को 41 खिलाड़ियों को लेकर लौट रही एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में सात खिलाड़ी मामूली रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
नवाबगंज थाना के प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के अदालत से बरी होने के उपलक्ष्य में नंदिनी नगर महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद गोंडा स्थित एक स्पोर्ट्स स्टेडियम के 41 खिलाड़ी बस से वापस लौट रहे थे।
उन्होंने बताया कि शाम करीब चार बजे गोंडा-अयोध्या मार्ग पर नंदिनी शूटिंग रेंज के निकट बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने बस का शीशा तोड़कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि हादसे में विकास यादव (18), सतीश मौर्य (22), शिवकुमार (22), शिवा सिंह (19), चंदन गुप्ता (17), अमरनाथ (17) सहित सात खिलाड़ियों को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
भाषा सं राजेंद्र संतोष
संतोष