सभी सरकारी अस्पतालों में निशुल्क हो इन्फ्लुएंजा-ए की जांच : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
सभी सरकारी अस्पतालों में निशुल्क हो इन्फ्लुएंजा-ए की जांच : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
लखनऊ, दो सितंबर (भाषा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में इन्फ्लुएंजा-ए (एच1एन1) की जांच सभी सरकारी अस्पतालों में मुफ्त कराये जाने के निर्देश दिये हैं।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह की उपस्थिति में प्रदेश में एच1एन1 एवं मौसमी इन्फ्लुएंजा की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी सरकारी जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में निशुल्क कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि अधिक मामलों वाले जिलों में निगरानी एवं उपचार व्यवस्था को और मजबूत किया जाए तथा अस्पतालों में दवा, जांच और पृथकवास की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित रहे।
मुख्यमंत्री ने एच1एन1 की रोकथाम और उपचार के संबंध में विस्तृत दिशानिर्देश जारी करने के भी निर्देश दिए।
आदित्यनाथ ने कहा कि मरीजों की समय से पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जाए, जहां भी मामलों में बढ़ोतरी हो रही है, वहां निगरानी बढ़ाने के साथ तत्काल आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं की जाएं।
उन्होंने कहा कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि निजी चिकित्सा संस्थानों द्वारा जांच के लिए पूर्व में निर्धारित शुल्क से अधिक शुल्क न लिया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संक्रमण की रोकथाम के लिए जनजागरूकता अभियान तेज किया जाए।
भाषा सलीम शफीक
शफीक

Facebook


