लखनऊ, 22 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी को राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) को पत्र लिखने का निर्देश दिया है, ताकि एक निश्चित अवधि के बाद ऐसी व्यवस्था की जा सके जिससे प्रदर्शनकारी विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल हो सकें।
लखनऊ में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘हर व्यक्ति ने समाज के निर्माण में योगदान दिया है, लेकिन एक शिक्षक की भूमिका अन्य लोगों से अलग होती है।’
उन्होंने कहा, ‘एक प्रशासनिक अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकता है, लेकिन वह एक अच्छा शिक्षक नहीं बन सकता। एक पुलिस अधिकारी अपने कार्यों से लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा कर सकता है, लेकिन उसे भी शिक्षक बनने के लिए सीखना पड़ता है।’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैंने माध्यमिक शिक्षा मंत्री से कहा है कि एनसीटीई को एक पत्र लिखा जाना चाहिए। प्रयागराज में कुछ युवा विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इन अभ्यर्थियों को कुछ समय का अवसर दिया जाना चाहिए या ऐसी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए, जिससे वे एक निश्चित अवधि के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल हो सकें।’
गौरतलब है कि टीजीटी-पीजीटी परीक्षा के अभ्यर्थी पुरानी भर्ती नियमावली बहाल करने की मांग को लेकर प्रयागराज स्थित शिक्षा निदेशालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं।
भाषा
अरुणव, राजेंद्र रवि कांत