कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन में 3,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले

Ads

कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन में 3,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले

  •  
  • Publish Date - April 4, 2026 / 12:54 AM IST,
    Updated On - April 4, 2026 / 12:54 AM IST

लखनऊ, तीन अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन-2026 के दौरान लगभग 3,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी।

बयान में कहा गया कि भगवान गौतम बुद्ध के महापरिनिर्वाण स्थल कुशीनगर में आयोजित वैश्विक बौद्ध सम्मेलन 31 मार्च से दो अप्रैल तक आयोजित हुआ और इस तीन-दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को एक वैश्विक बौद्ध पर्यटन केंद्र के रूप में बढ़ावा देना और इस क्षेत्र में निवेश आकर्षित करना था।

आधिकारिक बयान के अनुसार, सम्मेलन में 2,300 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें भिक्षु, विद्वान और नीति-निर्माता शामिल थे। इसके अलावा थाईलैंड, जापान, म्यांमार, भूटान और नेपाल से 300 से अधिक प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

अधिकारियों के मुताबिक, निवेशकों ने आतिथ्य, रियल एस्टेट, बायो-सीएनजी और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में रुचि दिखाई। साथ ही दो नए टाउनशिप विकसित करने की योजनाओं पर भी चर्चा हुई।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह सम्मेलन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य को एक प्रमुख बौद्ध पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने में सहायक रहा है।

अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने बताया कि राज्य का बौद्ध सर्किट तेजी से विकसित हो रहा है और वर्ष 2025 में छह प्रमुख स्थलों पर 82 लाख से अधिक पर्यटकों ने भ्रमण किया।

भाषा

आनन्द रवि कांत

शीर्ष 5 समाचार