कमलनाथ के पिता की जमीन फर्जी वसीयत से हड़पने का प्रयास, दो आरोपी गिरफ्तार
कमलनाथ के पिता की जमीन फर्जी वसीयत से हड़पने का प्रयास, दो आरोपी गिरफ्तार
बिजनौर (उप्र), एक अक्टूबर (भाषा) मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पिता की उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की नजीबाबाद तहसील में स्थित करीब 90 बीघा जमीन में से 26 बीघा जमीन को कथित तौर पर फर्जी वसीयत और फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र के जरिए हड़पने के प्रयास के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक के.के. विश्नोई ने बताया कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने 30 सितंबर को नजीबाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि शिकायत के अनुसार, नजीबाबाद तहसील के मौजा अमीखानपुर में उनके पिता महेन्द्रनाथ की करीब 90 बीघा जमीन है, जो बंटाई पर दी गई थी।
विश्नोई ने बताया कि कमलनाथ ने 18 मई 2026 को नजीबाबाद की तहसीलदार अदालत में जमीन पर उत्तराधिकार के आधार पर अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया था और इस दौरान उन्हें पता चला कि करीब 26 बीघा जमीन के संबंध में लेखपाल ने रिपोर्ट दी है कि वह भूमि विवादित है।
उन्होंने बताया कि शिकायत में दावा किया गया है कि यह जानकारी मिलने पर कमलनाथ को पता चला कि इस भूमि को लेकर 2026 में एक दीवानी वाद भी दायर किया गया था।
विश्नोई ने कहा कि आरोप है कि धर्मपाल नामक व्यक्ति ने जमीन पर अपना नाम दर्ज कराने के लिए कथित कूटरचित मृत्यु प्रमाणपत्र और फर्जी वसीयत तैयार कर तहसीलदार की अदालत में दावा पेश किया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कमलनाथ ने शिकायत में बताया कि उनके पिता महेन्द्रनाथ का निधन सात सितंबर 2004 को दिल्ली में हुआ था, जबकि कथित फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र में उनकी मृत्यु की तारीख 10 अप्रैल 2003 दर्शाई गई है।
उन्होंने बताया कि कमलनाथ की शिकायत पर धर्मपाल सिंह, जसबिंदर ढिल्लों, विजय शंकर पांडेय और लेखपाल डेविड के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में धर्मपाल सिंह और विजय शंकर पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जमीन हड़पने के प्रयास में यदि कोई अन्य व्यक्ति या भूमाफिया संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं. सलीम सिम्मी
सिम्मी
लेखक के बारे में
Web Title: कमलनाथ के पिता की जमीन फर्जी वसीयत से हड़पने का प्रयास, दो आरोपी गिरफ्तार
BIJNOR
और भी पढ़ें ›एएमयू में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन 11वें दिन भी जारी
01 Oct 2026 | 10:22 pmगाजीपुर में हथियार तस्करी के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार, 19 तमंचे बरामद
01 Oct 2026 | 10:06 pmसोनभद्र में डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य का गांजा बरामद, दो युवक गिरफ्तार
01 Oct 2026 | 9:54 pmराज्यसभा चुनाव : तीसरे उम्मीदवार पर अखिलेश ने नहीं खोले पत्ते, भाजपा में नामों पर मंथन
01 Oct 2026 | 9:32 pmकांग्रेस के छोटे नेताओं के बयानों को गंभीरता से नहीं लेता: सपा सांसद धर्मेंद्र यादव
01 Oct 2026 | 9:09 pmमहात्मा गांधी के जीवन और योगदान को समझें विद्यार्थी : राज्यपाल
01 Oct 2026 | 8:32 pmमिर्जापुर में स्कूल भवन का निर्माण शुरू, दिव्या मित्तल ने परियोजना में देरी पर उठाए थे सवाल
01 Oct 2026 | 8:27 pmतेज डीजे से छात्रा की मौत के मामले में उच्च न्यायालय ने लिया स्वत: संज्ञान
01 Oct 2026 | 8:21 pm