अपराधियों पर कार्रवाई और जनसमस्याओं के निस्तारण में शिथिलता बर्दाश्त नहीं : मुख्यमंत्री आदित्यनाथ

अपराधियों पर कार्रवाई और जनसमस्याओं के निस्तारण में शिथिलता बर्दाश्त नहीं : मुख्यमंत्री आदित्यनाथ

अपराधियों पर कार्रवाई और जनसमस्याओं के निस्तारण में शिथिलता बर्दाश्त नहीं : मुख्यमंत्री आदित्यनाथ
Modified Date: August 3, 2026 / 03:06 pm IST
Published Date: August 3, 2026 3:06 pm IST

लखनऊ, तीन अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके समयबद्ध निस्तारण के आदेश दिये।

राज्य सरकार द्वारा जारी बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के कई जिले से आए सभी लोगों से एक-एक करके मुलाकात की, उनके प्रार्थना पत्र लिये और अधिकारियों को प्रेषित करते हुए समयबद्ध निस्तारण का निर्देश दिया।

बयान के अनुसार पुलिस से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए आगाह किया कि अपराधियों पर कार्रवाई और जनसमस्याओं के निस्तारण में शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने और मुकदमे में दबाव जैसी शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त की और शासन स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन जनपदों में ऐसे मामले अधिक आ रहे हैं, वहां के पुलिस कप्तान की जवाबदेही तय की जाए।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अफसरों से कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी समस्या का शीघ्रता से निराकरण किया जाए।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देने और पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए पहले परस्पर संवाद और फिर विधिक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण तत्परता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता से किया जाए और हर समस्या का समाधान गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक होना चाहिए।

भाषा सलीम अमित

अमित


लेखक के बारे में