लखनऊ, सात अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि जब सकारात्मक सोच होती है और नेतृत्व में आगे बढ़ने की दृढ़ इच्छा शक्ति होती है तभी विकास होता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली महत्वाकांक्षी ‘ग्रेटर आगरा’ परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास करने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए विकास की दिशा में अपनी सरकार के नौ वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाई।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकारों की सराहना की।
योगी ने कहा, ”दुनिया में लोग युद्ध से परेशान हैं। कहीं युद्ध से तबाही है, कहीं युद्ध से बर्बादी है। कहीं युद्ध में लोग मर रहे हैं, कहीं भूखों मर रहे हैं लेकिन भारत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास की योजना को आगे बढ़ा रहा है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि ”दुनिया में अकेला भारत ऐसा देश है कि युद्ध में कहीं किसी को कोई परेशानी नहीं है। भारत अपनी यात्रा को मजबूती के साथ आगे बढ़ा रहा है और एक बार फिर मजबूती से दुनिया के अंदर अपनी नई आभा के साथ नेतृत्व देता हुआ दिखाई दे रहा है।”
योगी ने कहा, ”युद्ध में पाकिस्तान तबाह है, दुनिया के तमाम देशों में पेट्रोलियम पदार्थों का संकट है लेकिन भारत में सब कुछ सामान्य है। अमेरिका में युद्ध के दौरान चार गुना पेट्रोलियम पदार्थों में मूल्य वृद्धि हुई है, महंगाई की आप कल्पना कर सकते हैं।”
उन्होंने बताया कि ‘ग्रेटर आगरा’ विश्व स्तरीय बुनियादी संरचना से लैस होगा, जिसमें बेहतरीन पार्क, चौड़ी सड़कें, निर्बाध बिजली-पानी की आपूर्ति और सभी आधुनिक सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह योजना आगरा के आवासीय स्वरूप को पूरी तरह बदल देगी।
भाषा आनन्द रंजन
रंजन