वाराणसी, 25 जून (भाषा) गंगा नदी के बीच नाव पर कथित रूप से शराब पीने और मांसाहारी पार्टी करने के आरोप में गिरफ्तार पांच लोगों को अदालत से जमानत मिल गई है। आरोपियों को मंगलवार को रिहा कर दिया गया। उनके वकील ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
बचाव पक्ष के अधिवक्ता विकास सिंह ने बताया कि कार्यकारी मजिस्ट्रेट एवं सहायक पुलिस आयुक्त की अदालत ने प्रत्येक आरोपी को 20 हजार रुपये की दो-दो जमानतें और व्यक्तिगत मुचलका दाखिल करने के बाद रिहाई का आदेश दिया।
जमानत पाने वाले आरोपियों की पहचान रामनगर क्षेत्र के सूजाबाद पड़ाव निवासी दीपक कुमार, नाविक अजय साहनी, डोमरी निवासी अरुण कुमार साहनी, अनुराग निषाद तथा सूजाबाद बंधा रोड निवासी राहुल सहनी के रूप में हुई है।
मामला सोमवार शाम उस समय चर्चा में आया था, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था। वीडियो में गंगा नदी के बीच एक नाव पर कुछ लोग कथित तौर पर बीयर पीते और मांसाहारी भोजन करते दिखे थे।
वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और इसमें शामिल लोगों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया। साथ ही संबंधित नाव को भी जब्त कर लिया गया।
दशाश्वमेध क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया था कि गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया था। आरोपियों की उम्र 25 से 32 वर्ष के बीच बताई गई है और उन्हें 23 जून को गिरफ्तार किया गया था।
गौरतलब है कि इस वर्ष मार्च में भी इसी तरह का एक मामला सामने आया था। 16 मार्च को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें कुछ लोगों को गंगा नदी में नाव पर बिरयानी खाते हुए दिखाया गया था। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने अगले दिन 14 युवकों को गिरफ्तार किया था। बाद में उन आरोपियों को इलाहाबाद उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई थी।
भाषा सं जफर मनीषा अमित
अमित