उप्र : चंदौली में अवैध रूप से ले जायी जा रही 1.68 करोड़ रुपये की शराब बरामद
उप्र : चंदौली में अवैध रूप से ले जायी जा रही 1.68 करोड़ रुपये की शराब बरामद
चंदौली, तीन मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के अलीनगर क्षेत्र में पुलिस तथा विशेष अभियान समूह (एसओजी) की संयुक्त टीम ने मंगलवार को अवैध रूप से पंजाब ले जायी जा रही 10 हजार लीटर शराब बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (देहात क्षेत्र) आदित्य लांग्हे ने बताया कि होली के मद्देनजर अलीनगर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर स्थित सिंहिताली पुल के पास पुलिस और एसओजी की टीम के निरीक्षण के दौरान राजस्थान के पंजीकरण संख्या वाले एक ट्रक को संदेह के आधार पर रोकने की कोशिश की गई, लेकिन रुकने के बजाय उसने भागने की कोशिश की।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस पर पुलिस ने घेराबंदी करके ट्रक को रोका और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि ट्रक की तलाशी के दौरान उसमें आलू और चावल की भूसी के नीचे छिपा कर रखी गई बड़ी संख्या में शराब की पेटिंयां मिलीं।
लांग्हे ने बताया कि पुलिस ने ट्रक से 1,028 पेटियों में रखी लगभग 10 हजार लीटर शराब बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग एक करोड़ 68 लाख रुपये बताई जाती है।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए तस्कर ट्रक चालक की पहचान राजस्थान के बाड़मेर निवासी मल्लाराम के रूप में हुई है।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत

Facebook


