बाल यौन शोषण सामग्री को ऑनलाइन साझा करने के आरोप में युवक गिरफ्तार

Ads

बाल यौन शोषण सामग्री को ऑनलाइन साझा करने के आरोप में युवक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 06:14 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 06:14 PM IST

भदोही (उप्र), 24 सितंबर (भाषा) भदोही जिले में पुलिस ने बच्चों के यौन शोषण से संबंधित सामग्री ऑनलाइन तैयार करने, बेचने और साझा करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि यह कार्रवाई मेटा की ओर से गृह मंत्रालय और ‘नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रन’ (एनसीएमईसी) के साथ मिलकर जुटायी गयी सूचना के आधार पर की गयी है।

उन्होंने बताया कि 30 वर्षीय आरोपी सुजीत कुमार मौर्य के खिलाफ बुधवार शाम सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया जिसके बाद साइबर पुलिस और भदोही पुलिस की संयुक्त टीम ने पीपरिस क्षेत्र में विश्वकर्मा मंदिर के पास मौर्य के घर पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में पता चला है कि आरोपी ने कथित तौर पर एक महिला के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाया था।

पुलिस का दावा है कि इस अकाउंट के जरिए वह भारत और विदेश में कई लोगों के संपर्क में था तथा बच्चों के यौन शोषण से संबंधित सामग्री साझा करने और बेचने में शामिल था।

सूत्रों ने यह भी बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर एक ‘मैसेजिंग ग्रुप’ बनाया था, जिसमें आपत्तिजनक और अश्लील बातचीत होती थी। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से ऐसी कई वीडियो बरामद हुई है।

त्यागी के अनुसार, जांच में 50 से अधिक वीडियो के बनाये जाने, बेचे या साझा किए जाने से संबंधित साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों और अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ बनाए गए कुछ आपत्तिजनक वीडियो भी फेसबुक पर अपलोड किए थे और इससे कथित तौर पर आर्थिक लाभ प्राप्त किया था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा एवं अदालत से उसकी न्यायिक हिरासत की मांग की जायेगी।

भाषा सं. सलीम

राजकुमार

राजकुमार