भदोही (उप्र), 19 सितंबर (भाषा) भदोही में बिना वैध डिग्री और पंजीकरण के 10 साल से भी अधिक समय से संचालित चार मंजिला एक अस्पताल को स्वास्थ्य विभाग ने सील करके डॉक्टर के खिलाफ शनिवार को प्राथमिकी दर्ज करायी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
भदोही के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) संतोष कुमार चक ने बताया कि शहर के चौरी रोड पर ‘जीवन रक्षा हास्पिटल’ के नाम से संचालित अस्पताल के बारे में मिली शिकायत पर चिकित्सकों की एक टीम से 27 जून 2026 को जांच कराई गई थी। उन्होंने बताया अस्पताल के संचालक डॉक्टर विजय शंकर मौर्य के पास बीएएमएस की डिग्री मिली।
उन्होंने बताया बिना वैध डिग्री और बिना किसी पंजीकरण के संचालित इस अस्पताल में सभी तरह के ऑपरेशन, ब्लड बैंक समेत जांच सुविधा के साथ में एक मेडिकल स्टोर भी संचालित था।
सीएमओ ने बताया कि ऐसी सूचना भी प्राप्त हुई थी कि इस अवैध रूप से संचालित हास्पिटल में कई सरकारी डॉक्टर भी अपनी सेवा दे रहे थे, जिसकी पुष्टि की जा रही है। चक ने बताया इस अस्पताल को शुक्रवार को सील कर दिया गया।
शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) शैलेश कुमार राय ने बताया कि आज उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राम आशीष सरोज की तहरीर पर जीवन रक्षा हास्पिटल के संचालक डॉक्टर विजय शंकर मौर्य के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और इंडियन मेडिकल काउंसिल कानून के तहत मामला दर्ज करके आगे की कारवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द अमित
अमित