संभल में पुलिस थाने के भीतर व्यक्ति ने आत्मदाह का प्रयास किया

Ads

संभल में पुलिस थाने के भीतर व्यक्ति ने आत्मदाह का प्रयास किया

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 12:05 AM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 12:05 AM IST

संभल (उप्र), 18 जून (भाषा) संभल में धनारी पुलिस थाने के भीतर 45 वर्षीय एक व्यक्ति ने बृहस्पतिवार को कथित तौर पर आत्मदाह का प्रयास किया जिसमें उसका शरीर 25-30 प्रतिशत जल गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि यह घटना उस समय घटी जब पुलिस बग ढेर गांव में एक संघर्ष के बाद दो समूहों के सदस्यों को थाने लेकर आई।

पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि पुलिस को बुधवार देर रात्रि 1:30 बजे के आसपास सूचना मिली कि बग ढेर नामक गांव के अंदर दो पक्षों के बीच में मारपीट हुई है। पुलिस तुरंत पहुंची और जो लोग मौके पर मिले उन सब लोगों को थाने ले आई।

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार शाम पांच बजे के आसपास थाने में मौजूद संतरी को पता चला कि एक व्यक्ति ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डाला है और आग लगाने का प्रयास कर रहा है। तुरंत संतरी ने तीन-चार पुलिसकर्मियों के साथ उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन तब तक उसने स्वयं को आग लगा ली थी।

उन्होंने बताया कि व्यक्ति का शरीर 25-30 प्रतिशत जल गया है। हालांकि, उसकी स्थिति स्थिर है।

पुलिस के मुताबिक, इस प्रकरण में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

पुलिस ने बताया कि आत्मदाह का प्रयास करने वाले व्यक्ति की पहचान मोरध्वज(45) के रूप में हुई है।

भाषा सं राजेंद्र शफीक

शफीक