जमीन विवाद में भाई की हत्या करने के बाद व्यक्ति ने खुदकुशी की

जमीन विवाद में भाई की हत्या करने के बाद व्यक्ति ने खुदकुशी की

जमीन विवाद में भाई की हत्या करने के बाद व्यक्ति ने खुदकुशी की
Modified Date: June 1, 2026 / 10:32 pm IST
Published Date: June 1, 2026 10:32 pm IST

कन्नौज, एक जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में सोमवार सुबह एक व्यक्ति ने जमीन से जुड़े विवाद को लेकर अपने बड़े भाई पर धारदार हथियार से कथित तौर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि भाई की मौत की खबर मिलने के बाद युवक ने खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार ने बताया कि इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के साहियापुर गांव में रहने वाला राम आसरे (58) अविवाहित था और वह अपने छोटे भाई विवेक के साथ रहता था। दोनों का एक और भाई राम भोले (55) उनसे अलग रहता था।

कुमार के मुताबिक, सोमवार सुबह राम आसरे और राम भोले के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। उन्होंने बताया कि विवाद बढ़ने पर राम भोले ने राम आसरे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

कुमार के अनुसार, छोटे भाई विवेक ने राम आसरे को मेडिकल कॉलेज तिर्वा मे भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर रेफर कर दिया। उन्होंने बताया कि कानपुर ले जाते समय राम आसरे ने रास्ते में दम तोड़ दिया।

पुलिस ने बताया कि राम आसरे की मौत की जानकारी मिलते ही राम भोले ने गांव के बाहर एक पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने बताया कि दोनों भाइयों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है।

भाषा

सं आनन्‍द पारुल

पारुल


लेखक के बारे में