बरेली (उप्र), 21 फरवरी (भाषा) बरेली शहर के सुभाषनगर क्षेत्र के करगैना में बदमाशों ने एक व्यक्ति की घर की छत पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (नगर) मानुष पारीक ने बताया कि मूल रूप से आंवला के तिगरा खानपुर निवासी जोगेंद्र (40) रेलवे लाइन के पास अपना नया मकान बनवा रहे थे।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार देर रात पालतू कुत्ते के भौंकने पर जोग्रेंद्र और उनकी की आंख खुली और आहट होने पर पति-पत्नी हाथ में डंडा लेकर छत की ओर गये, जहां बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।
जोगेंद्र की पत्नी अनीता ने बताया कि शुक्रवार देर रात में आहट पाकर वे दोनों छत पर गए। उन्होंने बताया कि जोगेंद्र ने जैसे ही चोर पर डंडे से प्रहार किया, बदमाश ने सीधे उनके सीने में गोली मार दी।
अनीता ने बताया कि गोली लगते ही जोगेंद्र लहूलुहान होकर सीढ़ियों से नीचे जा गिरे और वह भी हड़बड़ाहट में सीढ़ियों से गिर गईं।
उन्होंने बताया कि हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश घर में रखा एक बैग लेकर मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि जोगेंद्र सब्जी के आढ़ती के तौर पर काम करते थे और पिछले कुछ महीनों से यहीं रहकर मकान बनवा रहे थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बदमाशों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
भाषा सं आनन्द शफीक
शफीक