गोरखपुर (उप्र), 20 जुलाई (भाषा) गोरखपुर के हरपुर बुदहट इलाके में चाकू गोदे जाने से गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की सोमवार सुबह बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतक की पहचान हरपुर बुदहट निवासी प्रेमसागर यादव (30) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह शनिवार शाम करीब छह बजे घर से बाजार जाने के लिये मोटरसाइकिल से निकला था लेकिन देर रात तक नहीं लौटने पर परिजन ने उसकी तलाश शुरू की थी।
सूत्रों के अनुसार रविवार सुबह ग्रामीणों ने यादव को बैजलपुर ग्राम पंचायत भवन के पास सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने यादव को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल तथा बाद में हालत बिगड़ने पर बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज भेजा जहां सोमवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी।
सूत्रों ने बताया कि यादव के पिता ज्ञानेंद्र यादव की शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं. सलीम धीरज
धीरज