अलीगढ़ में 20 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या, बहन गिरफ्तार

Ads

अलीगढ़ में 20 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या, बहन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 18, 2026 / 03:39 PM IST,
    Updated On - April 18, 2026 / 03:39 PM IST

अलीगढ़ (उप्र), 18 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में 20 हजार रुपये के कर्ज को लेकर विवाद के बाद एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार मृतक अफसर (30) ने अपनी बहन को 20 हजार रुपये उधार दिए थे और उन्हें वापस मांगने पर यह घटना हुई।

सिविल लाइंस क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सर्वम सिंह ने बताया कि मृतक की बहन शहनाज समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है, जिनमें मृतक का जीजा इमरान भी शामिल है। वह फरार है और मुख्य हमलावरों में से एक माना जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक दो बच्चों का पिता अफसर एएमयू परिसर के पास कैंटीन चलाता था और देर रात कैंटीन से लौट रहा था, तभी हमलावरों ने उसे घेरकर कई बार चाकू से वार किया।

पुलिस ने बताया कि परिजन और कुछ पुलिसकर्मी उसे जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, अफसर ने कुछ सप्ताह पहले बहन और जीजा को 20 हजार रुपये उधार दिए थे और हाल ही में रकम वापस मांगने पर दोनों नाराज हो गए थे।

पुलिस ने बताया कि परिवार के कुछ सदस्यों ने एक दिन पहले समझौता भी कराया था, लेकिन देर रात विवाद अचानक हिंसक हो गया, जिसके बाद यह वारदात हुई।

सीओ ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। भाषा सं आनन्द जोहेब

जोहेब