मथुरा : लठामार होली के अवसर पर हुड़दंगियों से निपटने के लिए प्रशासन की विशेष तैयारी
मथुरा : लठामार होली के अवसर पर हुड़दंगियों से निपटने के लिए प्रशासन की विशेष तैयारी
मथुरा (उप्र), 22 फरवरी (भाषा) मथुरा जिले में लठामार होली सहित अन्य आयोजनों के संभावित हुड़दंगियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि बरसाना से लेकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि तक सुरक्षा के विशेष इंतजाम किये गए हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षाकर्मी ‘हुरियारों’ और आम श्रद्धालुओं के वेश में भीड़ के बीच तैनात रहकर हुड़दंगियों और संदिग्धों पर नजर रखेंगे।
दोनों शीर्ष अधिकारियों के मुताबिक सुरक्षा के लिए आधुनिक प्रौद्योगिकी का भी इस्तेमाल किया जाएगा। संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर ‘एंटी-सेबोटाज टीम (एएसटी) और बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि इनके अलावा ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय सुरक्षाकर्मियों के अलावा हाथरस, अलीगढ़, एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद और आगरा समेत कई जिलों से एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को बुलाया गया है।
स्थानीय अभिसूचना इकाई समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी अपने स्तर से निगरानी करेंगी।
अधिकारियों ने बताया कि इस बार महिला पुलिस की चार ‘एंटी रोमियो’ सचल और चार ‘गुंडा दमन’ टीम भी तैनात की जाएंगी।
इस बीच, पुलिस ने दो हुड़दंगियों के तस्वीर जारी कर होली के बहाने कथित तौर पर जबरन रंग लगाने और महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों को चेतावनी दी है।
एसएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों ने पिछले वर्ष बरसाना में लठामार होली के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं से कथित अभद्रता की थी।
भाषा सं आनन्द
धीरज
धीरज

Facebook


